हमीरपुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिलेभर में निजी स्कूल संचालकों को बीपीएल श्रेणी से संबंधित 25 फीसदी विद्यार्थियों का स्कूलों में दाखिला करवाना होगा।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने जिले के छह शिक्षा खंडों में स्कूल संचालकों को नए सत्र में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को नियमों के तहत दाखिला देने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने निजी स्कूलों में बीपीएल श्रेणी से संबंधित विद्यार्थियों की निशुल्क पढ़ाई का प्रावधान किया है, ताकि आर्थिक स्थिति से कमजोर अभिभावकों के बच्चे भी निजी स्कूलों में पढ़ाई कर सकें।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत सरकार ने यह प्रावधान किया है, ताकि गरीब परिवार का बच्चा भी निजी स्कूल में शिक्षा प्राप्त कर सके।
निदेशालय ने हाल ही में प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर को निजी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए बजट जारी किया है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने आगामी शैक्षणिक सत्र में निजी स्कूल प्रमुखों को आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों का दाखिला सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवाद