हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में यूजी प्रथम वर्ष में दाखिले की तिथि बढ़ गई है। महाविद्यालय में दाखिला लेने के लिए छात्र अब 31 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन केवल महाविद्यालयों में खाली रही सीटों के लिए ही होगा। पूर्व में किन्हीं कारणों से कॉलेज में दाखिला लेने से वंचित रहे छात्रों के लिए महाविद्यालय ने दाखिला लेने का एक और सुनहरा मौका दिया है। छात्र ऑनलाइन महाविद्यालय की साइट पर खाली सीटों वाले विषयों में अपना आवेदन कर सकते हैं । आवेदन स्वीकृत होने के बाद ऑनलाइन ही फीस जमा होगी। इसके बाद फिलहाल ऑनलाइन की छात्रों की कक्षाएं शुरू होंगी।
पूर्व में 30 सितंबर तक दाखिले की अंतिम तिथि थी। महाविद्यालय में इस बार ऑनलाइन दाखिले होने के बावजूद छात्रों ने रुचि दिखाई और 4200 छात्रों ने यूजी कक्षाओं में दाखिला लिया। अब कला और विज्ञान संकायों के कुछ विषयों में सीटें खाली रह गई हैं। हालांकि, विज्ञान संकाय में इक्का दुक्का सीटें ही खाली हैं लेकिन, कला संकाय के कई विषय ऐसे हैं जिनमें दर्जनभर से ज्यादा सीटें खाली हैं। ऐसे में इन सीटों पर दाखिले के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने दाखिला तिथि बढ़ाई है। प्राचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल ने कहा कि छात्र 31 अक्तूबर तक खाली सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। महाविद्यालय में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं।