सुजानपुर (हमीरपुर)। अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर बुधवार को उपमंडल अधिकारी ने मुख्य बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों ने जो सामान सड़क पर रखा था, उसे जब्त कर लिया गया। उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेक्टा ने दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। मुख्य बाजार में दिन प्रतिदिन बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर लोगों की शिकायत के बावजूद नगर परिषद सुजानपुर मात्र कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद निरीक्षण नहीं कर रही थी।
इसके चलते दुकानदारों के हौसले बुलंद थे और दिन-प्रतिदिन बढ़ते अतिक्रमण के कारण जाम की नौबत आ रही थी। बुधवार को उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेक्टा ने पुलिस बल और नगर परिषद कर्मचारियों के साथ मुख्य बाजार में औचक निरीक्षण किया। उपमंडल अधिकारी नागरिक को आते देख दुकानदारों ने सड़कों पर रखा सामान उठाना शुरू कर दिया। उधर, उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेक्टा ने कहा कि सड़कों पर सामान न सजाएं और शहर को साफ सुथरा रखें।