हमीरपुर। जिला मुख्यालय में बस अड्डे के सामने खोखा मार्केट की बिजली और पानी के कनेक्शन काटने की तैयारी चल रही है। प्रशासन ने खोखा संचालकों को सड़क किनारे से हटाकर पक्की दुकानों में शिफ्ट करने की कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन हमीर भवन में किया गया। इसमें उपायुक्त ने बस अड्डे के सामने सरकारी भूमि पर बनी खोखा मार्केट की दुकानों के बिजली-पानी के कनेक्शन के बारे में छानबीन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मीणा ने जिला में मिलावटी खाद्य वस्तुओं की बिक्री पर पूर्णतया रोक लगाने के लिए योजना बनाने को भी कहा, जिससे बिक्री के लिए लाए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित अंतराल पर खाद्य वस्तुओं के नमूने परीक्षण के लिए जा रहे हैं। उन्होंने जिला मुख्यालय सहित अन्य जगह दुग्ध विक्रेताओं की सूची तैयार करने और उनके पास मिल्क टेस्टिंग किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात भी कही। खनन विभाग से सुबह 6 से 8 बजे तक ट्रालियों के चलने पर ट्रैक्टर मालिकों के साथ बैठक कर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (ना.) डॉ चिरंजी लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गांधी चैक के समीप डिस्प्ले बोर्ड स्थापित करने के निर्देश
प्राकृतिक खेती के माध्यम से सब्जी उगाने वाले स्थानीय उत्पादकों के लिए जिला मुख्यालय में बिक्री स्थल निर्धारित किया गया है। इससे किसान बड़ी संख्या में अपने उत्पाद बेच रहे हैं। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि वह यह सुनिश्चित करे कि यहां किसान प्राकृतिक उत्पाद ही विक्रय के लिए लाएं। शहर में बिकने वाली फल-सब्जियों की बिक्री दरें दैनिक आधार पर सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शित की जाएं। इसके लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) मिलकर कार्य करें। उन्होंने गांधी चैक के समीप विभाग डिस्प्ले बोर्ड शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आधार संख्या में संशोधन सहित चुनिंदा लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।