सलौणी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के सलौणी कस्बे मे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। प्रशासन की ढुलमुल कार्रवाई के चलते अतिक्रमणकारी अब गुंडागर्दी पर उतर आए हैं।
शुक्रवार को एनएच बड़सर के कनिष्ठ अभियंता अतिक्रमण की शिकायत पर सलौणी में जांच के लिए आए और अवैध निर्माण रुकवाया। इसके बाद अधिकारी ने कस्बे में फुटपाथ पर अतिक्रमण सजाकर बैठे एक दुकानदार को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा तो दुकानदार ने उक्त अधिकारी के साथ ही दुर्व्यवहार कर दिया। अधिकारी ने जब यह बात अन्य दुकानदार को बताई तो अतिक्रमणकारी दुकानदार उनसे भी उलझ गया।
इसके बाद अन्य व्यापारियों ने ही इस मामले की शिकायत भोटा पुलिस चौकी में कर दी। एनएच अधिकारी अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बाद वहां से लौट गया। वहीं, कनिष्ठ अभियंता वैभव शर्मा का कहना है कि दो दुकानों में अतिक्रमण की काफी समय से शिकायत थी। मौके पर जाकर एक दुकान के विस्तार के निर्माण को रुकवा दिया था, जबकि दूसरे दुकानदार ने उनके साथ बदतमीजी की और अतिक्रमण नहीं हटाया।
उच्चाधिकारियों को घटना की रिपोर्ट भेज दी है और निजी तौर पर अभी एफआईआर नहीं करवाई है, विभागीय कार्रवाई के बाद ही कार्य किया जाएगा।
कोट
अभी निजी कार्य से कहीं बाहर हैं और मामला उनके संज्ञान में नहीं है, अगर ऐसा हुआ है तो जेई से पूरे मामले की रिपोर्ट लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश कुमार, एसडीओ, एनएच बड़सर
वरिष्ठ दुकानदार की शिकायत पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन उक्त अतिक्रमणकारी दुकानदार दुकान से गायब है, उसको फोन कर तुरंत पुलिस चौकी में हाजिर होने को कहा गया है और शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। एनएच अधिकारी की तरफ से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।
-निर्मला देवी, प्रभारी, भोटा पुलिस चौकी