बड़सर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत धंगोटा के शूदर गांव के एक व्यक्ति ने विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों पर मीटर कनेक्शन काटने के बाद जमा सिक्योरिटी राशि वापस न करने का आरोप लगाते हुए उपभोक्ता फोरम में शिकायत देने की बात कही है।
शूदर गांव से संबंध रखने वाले हजारा सिंह ने विद्युत बोर्ड कोटला पर मीटर सिक्योरिटी को वापस न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी जमीन में सिंचाई के लिए वर्ष 2011 में एक कृषि विद्युत मीटर लगाने के लिए विद्युत बोर्ड के पास आवेदन किया था। विद्युत बोर्ड ने उनसे 2527 रुपये सिक्योरिटी के रूप में जमा करने के लिए कहा था। उन्होंने सात दिसंबर 2011 को रसीद नंबर 49022 के तहत राशि जमा करवा दी।
बोर्ड द्वारा उसके उपरांत उन्हें 100017000655 आईडी नंबर से कृषि विद्युत मीटर लगा दिया था। हजारा सिंह का कहना है कि उन्हें वर्ष 2017 में विद्युत बोर्ड कार्यालय कोटला से संदेश आया कि कृषि मीटर की सिक्योरिटी पूर्व में कम जमा होने के कारण और सिक्योरिटी राशि जमा करवानी होगी अन्यथा उनका बिजली मीटर कनेक्शन काट दिया जाएगा।
उन्होंने पहली मई 2017 को 1505 रुपये की राशि रसीद नंबर 167093 से जमा करवाई थी। उन्होंने बताया कि 2022-23 में तूफान के कारण ग्रीन हाउस टूट गया और उन्होंने अपने विद्युत मीटर को बंद करवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। विभाग ने कनेक्शन को काटकर मीटर उठा लिया, लेकिन उन्हें आज तक सिक्योरिटी के रूप में जमा करवा गए 4032 रुपये वापस नहीं किए हैं।
कोट :
विभाग द्वारा मीटर लगाते समय उपभोक्ता से सर्विस चार्ज और न्यू कनेक्शन चार्ज लिए जाते हैं और सिक्योरिटी नाम मात्र सी रहती है, जो मीटर कनेक्शन कटवाने के उपरांत उपभोक्ता को वापस कर दी जाती है।
-यशन भारद्वाज, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड कार्यालय कोटला