हमीरपुर। सदर थाना के तहत एनआईटी के विद्यार्थियों से चरस बरामदगी मामले में पुलिस को एक ओर सफलता मिली है। पुलिस ने विद्यार्थियों को चरस सप्लाई करने के आरोपी को कुल्लू से गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार निवासी गांव लोरेन जिला कुल्लू के रूप में हुई है। आरोपी को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया गया है। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड दी है। गौर हो कि एक सप्ताह पहले अणु के साथ जंगल में दो एनआईटी विद्यार्थियों से 371.40 ग्राम चरस (भांग) बरामद हुई थी। आरोपियों की पहचान पारस निवासी प्रतापनगर और नितिन कुमार निवासी गांव टेहटी तहसील मरहोरा जिला सारण बिहार के रूप में हुई है।
युवक अणु के साथ जंगल में बैठे हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चरस को बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अश्वनी का जिक्र किया। उसके बाद पुलिस ने अब आरोपी को कुल्लू से गिरफ्तार किया।
इस संंबंध में एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि चरस के मामले में गिरफ्तारी हुई है। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड दी है। उन्होंने बताया कि मामले में जांच जारी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी एक बड़ी कामयाबी है।