सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत बुम्बलू बाजार में एक ब्यूटी पार्लर में चोरी के प्रयास को दुकानदारों ने नाकाम कर दिया। दुकानदारों ने चोरी के इरादे से आए युवक को रंगे हाथ पकड़ा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी युवक वही निकला जिसने तीन महीने पहले भकरेड़ी बाजार में एक शोरूम से 50 हजार रुपये चुराए थे। हालांकि भकरेड़ी बाजार में चोरी के बाद यह फरार था लेकिन मंगलवार को जब इसने पुन: चोरी का प्रयास किया तो उसे दबोचा गया। आरोपी युवक पिछले कुछ दिनों से लगातार बाजार में घूम रहा था। मंगलवार को उसने मौका पाकर एक ब्यूटी पार्लर के गल्ले में हाथ डाल दिया।
इसी दौरान दुकानदार ने शोर मचाया। शोर सुनकर पास की दुकान में मौजूद मंजीत सिंह तुरंत बाहर आए और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी मौके से स्कूटी पर फरार हो गया लेकिन मंजीत सिंह ने बाइक से उसका पीछा किया और करीब एक किलोमीटर बाद डुगाड़ मार्ग पर पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को बाजार लाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने भकरेड़ी बाजार में हुई 50 हजार रुपये की नकदी चोरी भी स्वीकार कर ली है।
-ब्यूटी पार्लर में चोरी के प्रयास पर एक युवक को पकड़ा गया है। मामले में छानबीन की जा रही है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से चोरी की घटनाओं पर लगाम लाई जा सकती है।
-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर