भोटी में सीआईएसएफ जवान को अंतिम विदाई देते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में तैनात एक जवान की ड्यूटी के दौरान मकान की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। जवान की पहचान कावल सिंह (33) पुत्र स्वर्गीय कुलदीप सिंह निवासी गांव भोटी, उपमंडल भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। वह हैदराबाद के बाड़ा में तैनात था। सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव भोटी के सम्मु ताल में अंतिम संस्कार किया गया। पार्थिव देह को लेकर आए एसआई राकेश चौधरी ने बताया कि कावल की ड्यूटी हैदराबाद के बाड़ा में थी। शनिवार रात को वह अपने अन्य साथियों के साथ अपने कमरे में था।
इस बीच वह मोबाइल पर बात करने के लिए कमरे से बाहर आया और तीसरी मंजिल पर चढ़ गया। वहां से गिरने के कारण उसे सिर व शरीर के अन्य भागों में गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सोमवार को सीआईएसएफ नंगल से आए जवानों ने उसे सलामी देकर अंतिम विदाई दी। जवान को उसके भतीजे गोगी ने मुखाग्नि दी। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन साल का बेटा छोड़ गया है। नायब तहसीलदार भोरंज लेखराम का कहना है कि पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।