भोटा बिझड़ी (हमीरपुर)। सदर थाना के तहत शुक्कर खड्ड के पास स्कूटी और पिकअप ट्राला जीप की टक्कर में 20 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विवेक पुत्र मदन लाल निवासी गांव गोड़ी, डाकघर कुलेहड़ा, तहसील डडवाल के रूप में हुई है।
विवेक और 15 साल का इशांत कुमार निवासी गोड़ी भोटा में स्विमिंग पुल से नहाकर वापस घर जा रहे थे। इस दौरान शुक्कर खड्ड के पास अचानक पिकअप ट्राला जीप सामने आ गया।
विवेक ने एकदम से स्कूटी को ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन अचानक ब्रेक लगने से स्कूटी अनियंत्रित हो गई और ट्राला जीप के साथ टकरा गई। इस दौरान स्कूटी में सवार दोनों युवक घायल हो गए। दोनों युवकों को बाजू, पांव और शरीर के अन्य भागों में चोटें आई हैं। जख्मी हुए युवकों को इलाज के लिए बड़सर अस्पताल लाया गया। जहां पर विवेक की मौत हो गई। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद इशांत खतरे से बाहर है। मृतक विवेक का बड़ा भाई सेना में सेवाएं दे रहा है। पुलिस ने पिकअप ट्राला जीप चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।