जाहू (हमीरपुर)। भोरंज विधानसभा क्षेत्र की लगमन्वीं पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित घुमारवीं गांव में 15.70 लाख रुपये की लागत से 60 हजार लीटर क्षमता का ओवरहेड वाटर टैंक बनाया जाएगा। विधायक सुरेश कुमार ने भूमि पूजन कर निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया।
इससे पहले गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया। ग्रामीण जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
घुमारवीं गांव में भी 15 दिनों के भीतर टैंक का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बनने से ग्रामीणों को पेयजल समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गांव को जोड़ने वाली एंबुलेंस सड़क के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके अलावा महिला मंडल भवन की दूसरी मंजिल पर लोहे की चादर की छत, खिड़कियां और दरवाजे लगाने तथा आंगन को पक्का करने के लिए भी 10 लाख रुपये देने की बात कही।
विधायक ने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय तक भाजपा के विधायक रहे, लेकिन ग्रामीण आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। वर्तमान में हो रहे विकास कार्यों को देखकर विपक्ष बौखलाहट में लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।
इससे पहले विधायक सुरेश कुमार ने अपने निवास स्थान जाहू कलां में भी ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनका निपटारा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र सिंह पठानिया, लगमन्वीं पंचायत प्रधान केशव कौशल, सेवानिवृत्त एजीएम कांगड़ा बैंक एचआर चांदला, राजकुमार, अजीत सिंह, विनोद कुमार और योगराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।