निर्माण के लिए 18 करोड़ 23 लाख रुपये की किस्त जारी, 14 ग्राम पंचायतें लाभांवित
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत लदरौर क्षेत्र की 14 ग्राम पंचायतों की पेयजल समस्या के स्थाई हल के लिए 113 करोड़ रुपये की नई पेयजल योजना का निर्माण होगा। निर्माण को शुरू करने के लिए प्रदेश सरकार ने पहली किस्त के रूप में 18.23 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की। कार्य को शुरू करने के लिए टेंडर प्रकिया को शुरू किया जा रहा है। जल शक्ति विभाग मंडल भोरंज के उपमंडल लदरौर के अधीन इस योजना का निर्माण होगा। जल शक्ति विभाग मंडल भोरंज व विद्युत उपमंडल शाहतलाई जिला बिलासपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने योजना के निर्माण के लिए गोबिंदसागर से ऊना जिला के लठियाणी के कोसरियां पुटपांगड़ में साइट को चिन्हित किया है।
इस स्थान पर पेयजल योजना का कुंआ व पंप हाउस बनेगा। यहां से पानी को लिफ्ट करके उखली में बनने वाले भंडारण टैंक में डाला जाएगा। उखली में भी विभाग पंप हाउस का निर्माण करेगा। यहां से भी पानी को लिफ्ट द्रोण टैंक तक पहुंचाया जाएगा। पहले से बने टैंकों में पानी डालकर 14 पंचायतों की 40 हजार आबादी को सप्लाई की जाएगी।
बॉक्स
इन पंचायतों के लोगों को मिलेगा लाभ
नंधन, पटटा, करहा, खरवाड़, झरलोग, भौंखर, दशमल, कड़ोहता, मुंडखर व भकेड़ा सहित अन्य पंचायतों को भरपूर पानी मिलेगा। यह योजना क्षेत्र में मेवा-बमसन लगवालत्ती के बाद दूसरी सबसे बड़ी योजना होने के कारण लोगों में खुशी का माहौल है। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के समन्वयक अतुल कड़ोहता, पूर्व जिला परिषद सदस्य सविता, पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य सुशीला शर्मा, झरलोग पंचायत पूर्व प्रधान नरेश ठाकुर, प्रधान मोनिका देवी, भागां देवी, धर्म चंद शर्मा, लदरौर व्यापार मंडल अध्यक्ष मदन लाल शर्मा ने बताया कि योजना के बनने से क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थाई समाधान होगा।
कोट
-113 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई पेयजल योजना के निर्माण के लिए सरकार ने 18.23 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की है। इससे अब निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रकिया को शुरू किया जा रहा है। इस योजना के निर्माण के गोबिंद सागर में साइट को देखा गया है। लठियाणी के कोसरियां के पुटपांगड़ा के पास पंप हाउस और कुएं का निर्माण किया जाएगा।-राजेंद्र सिंह पठानिया, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर