नशा निवारण समिति सुजानपुर बैठक के दौरान चर्चा करते हुए। स्रोत : जागरूक पाठक
सुजानपुर(हमीरपुर)। नशा निवारण समिति सुजानपुर की बैठक सुजानपुर में हुई। बैठक में शहर में बढ़ते नशे, खासकर चिट्टे जैसे घातक नशे को लेकर मंथन किया गया। चिट्टे जैसे नशे पर इस माह किए कार्यों की समीक्षा भी की गई।
होली मेले के दौरान नशे पर निगरानी और पहले से चिन्हित स्पॉटेड एरिया में टीम द्वारा किए गए निरीक्षण को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर भी विशेष चर्चा की गई कि आने वाले समय में नशा करने वालों पर किस तरह और सख्ती से शिकंजा कसा जाए, ताकि युवा पीढ़ी को इस जहर से बचाया जा सके।
बैठक में नगर परिषद सुजानपुर के ईओ हर्षित शर्मा, प्रो. राजीव ठाकुर, सिनात कुमारी, मधुसूदन शर्मा, बीना धीमान और पुलिस विभाग से कुलभूषण और जोगिंद्र सिंह उपस्थित रहे। बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति नशे की लत छोड़कर सुधरना चाहता है, तो उसे किस प्रकार सहयोग, मार्गदर्शन और मदद दी जाए, इस दिशा में भी टीम सक्रिय रूप से काम करेगी। बैठक के बाद नशा निवारण समिति, पुलिस प्रशासन और संबंधित टीम ने सुजानपुर चिल्ड्रन पार्क का निरीक्षण किया।