जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की कड़ोहता पंचायत के कथोग में खाली पड़ी आठ कनाल भूमि पर जल्द ही फलों का बगीचा तैयार होगा। कड़ोहता पंचायत के पूर्व उपप्रधान एवं समाजसेवी वीरेंद्र डोगरा ने विभिन्न फल प्रजाति के 250 फलदार पौधे लगाए हैं।
यह बेरोजगार युवाओं के लिए आने वाले समय में प्रेरणा स्त्रोत का कार्य होगा। निचले क्षेत्र की आठ कनाल पहाड़ीनुमा व ढलानदार भूमि फलोत्पादन के लिए काफी उपयुक्त है। इस भूमि में उगे बेकार पेड़ों को काटकर पौधारोपण के लिए तैयार किया है। वीरेंद्र डोगरा ने बताया कि बिलासपुर जिला के डंगार से आम, लीची, मौसमी, गलगल, नींबू, अमरूद, अमरपाली, मलिका, आंबला, जामुन और गरनूं आदि के पौधे खरीद कर लाएं हैं। इसके अलावा स्वयं पौधरोपण के लिए गड्ढे कर पौधे लगाए गए हैं।
इस कार्य को कम से कम 20 से 22 दिन में पूरा किया गया है। फलों के पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज बाजार में फलों की मांग दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। इसलिए बेरोजगारी को दूर करने में फलोत्पादन की ओर ज्यादा ध्यान देना होगा। आने वाले समय में कथोग में फलों का बहुत बड़ा बगीचा तैयार होगा।