बिझड़ी(हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के कुआं चौक पर शनिवार शाम चार बजे शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने सड़क पर जमकर हुड़दंग मचाया। नशे की हालत में सड़क के बीचोंबीच लेटने, चिल्लाने और राहगीरों को रोकने की हरकतों से चौक पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
व्यस्त समय में हुई इस घटना से ट्रैफिक कुछ देर के लिए लगभग ठप हो गया और वाहन चालकों को सड़क किनारे रुक कर इंतजार करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति बार-बार सड़क पर आकर रुक रहा था, जिससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका बढ़ गई थी। कई राहगीरों और दुकानदरों ने मिलकर व्यक्ति को हटाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक नशे की वजह से स्थिति लगातार बिगड़ती रही।
आधा घंटा बीत जाने तक मौके पर न तो कोई पुलिस कर्मी पहुंचा और न ही कोई होमगार्ड जवान। ऐसे में राहगीरों व दुकानदारों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से चौक पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना न रहे।