बड़सर (हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग बड़सर के तहत विभागीय पाइपों की कथित चोरी का मामला सामने आया है। पाइप चोरी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में पाइप दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जल शक्ति विभाग के ये पाइप एक टेंपो में ले जाए जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने संदेह के आधार पर रास्ते में टेंपो को रोक लिया और इसकी सूचना बड़सर पुलिस और जल शक्ति विभाग को दी।
सूचना मिलने पर जल शक्ति विभाग बड़सर के कनिष्ठ अभियंता जगजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विभागीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।
कनिष्ठ अभियंता जगजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बरामद पाइप जल शक्ति विभाग के ही पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति द्वारा पाइप बेचे जाने की बात सामने आ रही है, उसका मोबाइल फोन फिलहाल बंद आ रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पाइप किसने बेचे और इन्हें वहां तक कैसे पहुंचाया गया। मामले की जांच पुलिस और जल शक्ति विभाग संयुक्त रूप से कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।