नादौन (हमीरपुर)। शहर के पत्तन चौंक पर शुक्रवार सुबह संभावित बड़े हादसे को शाखा में व्यायाम कर रहे स्वयंसेवकों ने सूझबूझ से टाल दिया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पतन चौक में बिजली के तारों में जोरदार धमाका हुआ और एक हिस्से में आग लग गई। घटनास्थल के निकट ही मिट्टी के तेल का भरा हुआ टैंकर खड़ा था। साथ ही प्रतिदिन की तरह आठ से दस गाड़ियां खड़ी थीं। स्वयंसेवकों ने चुस्ती दिखाते हुए आग पर काबू पाया।
शुक्रवार सुबह राम लीला मैदान में प्रतिदिन की तरह शाखा लगी हुई थी। रामलीला मैदान के गेट के नजदीक बिजली की तारों में अचानक जोरदार धमाके की आवाज हुई। उसी दौरान रास्ते से गुजर रहे निशु कपिल तथा उसके साथियों ने मिट्टी के तेल के टैंकर के पीछे की ओर आग लगी देखी तो उन्होंने तुरंत स्वयंसेवकों को सूचित किया जिसके पश्चात सभी लोग घटनास्थल की ओर भागे। सब ने मिलकर बाल्टियों द्वारा चारों और से पानी डाला और कुछ देर बाद आग पर काबू पा लिया। आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, बिजली बोर्ड के अतिरिक्त सहायक अभियंता लाल चंद परमार का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।