हमीरपुर। मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा जिले के सभी खंडों की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में 30 नवंबर को होगी। हर ब्लाक से दो छात्र एवं दो छात्राओं को स्कालरशिप प्रदान की जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक भूषण मल्होत्रा ने बताया कि ग्रेडिंग प्रणाली लागू होने के कारण छात्रवृत्ति परीक्षा करवाई जा रही है।
जिन विद्यार्थियों ने सरकारी पाठशाला से पांचवीं कक्षा की परीक्षा बी प्लस ग्रेड एवं इससे अधिक ग्रेड में उत्तीर्ण की है तथा छठी कक्षा में सरकारी विद्यालय में पढ़ रहे हैं, ऐसे सभी विद्यार्थी परीक्षा देने के पात्र होंगे। सभी खंडों के मुख्यालयों के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के प्रिंसिपल परीक्षा करवाएंगे तथा सभी पात्र विद्यार्थी अपना अनुक्रमांक संबंधित पाठशाला से अपना विद्यालय त्याग प्रमाण पत्र प्रस्तुत करके 29 नवंबर को प्राप्त कर सकते हैं। जिले में 1317 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेने के पात्र हैं।
परीक्षा का समय प्रात: 9:45 से दोपहर 12:00 बजे तक होगा। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हमीरपुर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोरंज, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गलोड़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिझड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुजानपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के 24 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। चयनित विद्यार्थियाें को शिक्षा विभाग की ओर से 800 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।