सुजानपुर (हमीरपुर)। बारिश न होने से जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इधर, किसान फसलों को लेकर चिंतित हो गए हैं। किसानों ने गेहूं बीज दिया है लेकिन बारिश न होने से बीज अंकुरित नहीं हो पाया है। समय पर बारिश न होने से किसानों को गेहूं की फसल बर्बाद होने का भय सताने लगा है। सुभाष ठाकुर, राकेश कटोच, सतीश कुमार, चमेल सिंह, रूप सिंह, सुमन कुमार, रविंद्र कुमार, श्रवण कुमार, शम्मी कुमार का कहना है कि समय पर बारिश न होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। उन्हें फसल बर्बाद होने का भी भय सताने लगा है। समय पर बारिश न हुई तो फसल तबाह हो जाएगी। कई क्षेत्रों में किसान बारिश होने के बाद फसल बीजने का इंतजार कर रहे हैं। बारिश न होने तक उनके खेत खाली पड़े हैं। ऐसे में किसानों को इस बार खेतों के खाली रहने की चिंता भी सताने लग पड़ी है।