नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत दंगड़ी के गांव तरकेड़ी के ग्रामीण भूंपल-कांगू संपर्क मार्ग पर पुल न बनाए जाने का दंश झेल रहे हैं। कई बार ग्रामीण विभाग को समस्या से अवगत करवा चुके हैं। लेकिन अभी तक पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुल का निर्माण कार्य अधर में लटकने से लोगों में प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग के प्रति रोष है।
महिला मंडल प्रधान तरकेड़ी सतीश कुमारी, ग्राम पंचायत दंगड़ी की तरकेड़ी बार्ड पंच रेनू शर्मा सहित सोम राज, हंस राज, केवल, सुरेश कुमार ग्रामीणों तथा ज्योति, पूजा, पायल, सचिन, ईशू, सागर आदि स्कूल जाने वाले बच्चों का कहना है कि तरकेड़ी के पास सुकराला नाला पर बन रहे पुल का कार्य पिछले पांच साल से अधर में लटका है। पांच साल पहले ठेकेदार ने पुल के निर्माण के लिए पिल्लर बनाए थे। उसके बाद काम बीच में ही छोड़ दिया। स्थान पर एक पुराना पुल बना था, जिसे ठेके दार ने तोड़ दिया था। ऐसे में बरसात और सर्दियों के मौसम में रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी उठानी पड़ती है। रास्ता अवरुद्ध होने से लोगों को कई किलोमीटर का रास्ता तयकर कांगू से होकर जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि राशन लाने, स्कूल, अन्य कार्यों के लिए भूंपल कस्बे पर निर्भर रहना पड़ता है। लेकिन पुल का निर्माण न होने से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाए।
उधर, एसडीओ धनेटा विवेक शर्मा का कहना है कि संबंधित पुल के कार्य का ठेका दूसरे ठेकेदार को दे दिया गया है। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।