सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्रस्तरीय सुजानपुर होली मेले का शुभारंभ 18 मार्च सोमवार को मुख्य सचिव बीके अग्रवाल करेंगे। ऐतिहासिक चौगान के राधाकृष्णन मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पगड़ी के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं, दिनभर में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के बाद रात को सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। जबकि, चार दिवसीय इस होली मेले के समापन पर अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीकांत बाल्दी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
उपायुक्त हमीरपुर एवं मेला कमेटी की अध्यक्ष डॉ. रिचा वर्मा ने कहा कि मुख्य सचिव बीके अग्रवाल बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय होली मेले का शुभारंभ करेंगे। जबकि, एसीएस श्रीकांत बाल्दी होली मेले का समापन करेंगे। होली मेले में सुरक्षा के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएसपी हमीरपुर हितेश लखनपाल ने बुधवार को सुजानपुर पहुंचकर मेला ग्राउंड का निरीक्षण किया। डीएसपी हितेश लखन पाल ने बताया कि राष्ट्रीय होली मेला का शुभारंभ 18 मार्च को होगा। मेले में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विशेष कार्य जिला पुलिस कर रही है। जिसके लिए मेला ग्राउंड को 4 सेक्टर में बांटा जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल के साथ महिला पुलिस जवान मेला ग्राउंड में 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। मेले में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं-लड़कियों को लेकर किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो, इसके लिए महिला दस्ता गठित किया जाएगा। जो साधारण कपड़ों में मेला ग्राउंड के निरीक्षण पर रहेगा। इसके साथ पूरा मेला ग्राउंड सीसीटीवी की नजर में रहेगा। सुजानपुर में आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था सही हो, इसके लिए मध्य ग्राउंड में अस्थाई बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा। इस मौके पर थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री के साथ पुलिसकर्मी मौजूद रहे।