नादौन (हमीरपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के सभी गरीब और निर्धन लोगों को 2022 तक आवास निर्मित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह जानकारी सांसद अनुराग ठाकुर ने वीरवार को नादौन के बेला गांव में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित चेक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि दी। सांसद ने विभाग की गृह निर्माण अनुदान योजना, अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत लाभार्थियों को 27 लाख के चेक वितरित किए।
इसके साथ ही बेटी है अनमोल योजना के तहत दस बेटियों की दस-दस हजार की एफडी भी वितरित की गई। अनुवर्ती योजना के तहत पात्र महिलाओं को सिलाई मशीनें भी प्रदान की। सांसद ने कहा कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से गरीब लोगों के सशक्तीकरण के लिए अनेकों कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं। वहीं सांसद ने रंगस में भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, एसडीएम दिलेराम धीमान, भाजपा मंडलाध्यक्ष भवानी सिंह, महामंत्री पवन शर्मा और एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।