हमीरपुर। जिला भर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में तेज बारिश से सड़कें बंद होने और खड्डों, नालों के उफान पर होने के कारण प्रशासन ने छुट्टी घोषित की है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल स्कूल हमीरपुर के खेल मैदान में स्वतंत्रता दिवस परेड की रिहर्सल के लिए बच्चे बुला लिए गए। इस रिहर्सल में सरकारी स्कूलों सहित निजी स्कूलों के बच्चे भी भाग ले रहे हैं।
15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में यह बच्चे मुख्यातिथि को सलामी देंगे। इसमें स्कूलों के एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। परेड के लिए लड़कों के साथ लड़कियां भी रिहर्सल कर रही हैं। स्कूलों में छुट्टी घोषित करने के बाद भी बच्चों को रिहर्सल के लिए बुला लेने के निर्णय पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं इसके साथ मैदान में कीचड़ का भी आलम है। सोमवार को जिला भर में तेज बारिश होने से काफी नुकसान हुआ है। जिला की काफी सड़कें ल्हासा गिरने के कारण बंद हो गई। सड़कों पर पूर्ण से वाहनों की आवाजाही बंद रही। इस संबंध में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक सोमदत्त सांख्यान का कहना है कि पूरे देश भर में यह दिवस मनाया जाता है जिला स्तर पर भी यह दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए बच्चों का रिहर्सल करवाई जा रही है।