अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। बगबाड़ा कृषि सेवा सहकारी सभा के सचिव को वित्तीय अनियमितता पर प्रबंधक कमेटी ने पद से सस्पेंड कर दिया है। आरोपी सचिव पर 3.71 लाख रुपये के गबन का आरोप है। हिमाचल प्रदेश सहकारी सभाएं हमीरपुर के सहायक पंजीयक नरेंद्र दत्त शर्मा की ओर से करवाए गए ऑडिट में यह गबन सामने आया है। जांच में पता चला है कि सोसायटी के सचिव और एक सेवानिवृत्त ऑडिटर ने मिलकर इस गबन को अंजाम दिया। दोनों ने सोसायटी के लाभांश की रकम को मिलकर हड़प लिया था। सहकारी सभाएं हमीरपुर की ओर से करवाए गए ऑडिट में यह गबन सामने आया है। इसके बाद बुधवार को प्रबंधक कमेटी ने सचिव को पद से सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा भराड़ी देवी कृषि सेवा सहकारी सभा के ऑडिट में 3.60 लाख रुपये और बड़ाग्रां सहकारी सभा में 20.44 लाख रुपये का गबन सामने आया है। सहकारी सभा ने 30 मार्च को ही बड़ाग्रां के सचिव को पद से सस्पेंड कर दिया था, जबकि भराड़ी देवी सहकारी सभा का सचिव कुछ दिन पूर्व सेवानिवृत्त हो चुका है और एक अन्य सहकारी सभा के सचिव का निधन हो चुका है। उधर, हिमाचल प्रदेश सहकारी सभाएं हमीरपुर के सहायक पंजीयक नरेंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि बड़ाग्रां सहकारी सभा के सचिव को 30 मार्च को गबन के आरोप में सस्पेंड किया जा चुका है। जबकि, बगवाड़ा कृषि सहकारी सभा के सचिव को बुधवार को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दो अन्य सहकारी सभाओं में भी गबन सामने आया है, जिस पर शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
भंडाफोड़ करने वाले अधिकारी का तबादला
जिला हमीरपुर के सहकारी सभाओं में लाखों के गबन को उजागर करने वाले अधिकारी पर अब तबादले की तलवार लटक गई है। सहकारी सभाओं में घपला करने वाले कुछ रसूखदारों ने सहकारी सभाएं हमीरपुर में तैनात सहायक पंजीयक नरेंद्र दत्त शर्मा का हमीरपुर से सिरमौर जिले के लिए तबादला करवा दिया है। जिला हमीरपुर में सर्वाधिक सहकारी सभाएं हैं, जहां पर लोगों की लाखों करोड़ों की जमापूंजी जमा है। इस अधिकारी ने पहले भी आधा दर्जन सहकारी सभाओं में ऑडिट कर लाखों के गबन का भंडाफोड़ किया था लेकिन उनके तबादले के बाद ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों में रोष है।