अमर उजाला ब्यूरो
बिझड़ी (हमीरपुर)। नलों के पानी का दुरुपयोग करना अब उपभोक्ताओं को मंहगा पड़ सकता है। आईपीएच विभाग ने नलों के पानी का दुरुपयोग करने वालों की निगरानी के लिए निरीक्षण टीम का गठन कर दिया है। बड़सर में गठित की गई इस कमेटी में विभाग अब सदस्यों की संख्या बढ़ाएगा। यदि कोई व्यक्ति पकड़ा जाता है तो उसके विरुद कार्रवाई तय है। विभाग को नलों के पानी को भंडारण टैंकों में स्टारेज करके खेतों और किचन गार्डन की सिंचाई करने की शिकायतें मिल रही हैं। इसी के चलते आईपीएच विभाग ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया है। गठित टीम अब क्षेत्र के हरेक गांव और घर पर पैनी नजर रखेगी। सहायक अभियंता आईपीएच विभाग बड़सर सुशील कुमार ने कहा कि बड़सर उपमंडल में पेयजल का दुरुपयोग करने वालों की अब खैर नहीं है। पानी का दुरुपयोग करने वालों से निपटने के लिए विभाग ने एक टीम गठित की है। यह टीम लोगों के घरों में जाकर निरीक्षण कर रही है। यदि कोई व्यक्ति पानी का दुरुपयोग करता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।