बड़सर(हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में 14 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र माह मेलों को लेकर ग्राम पंचायत चकमोह ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चैत्र माह मेलों के दौरान ग्राम पंचायत द्वारा दियोटसिद्ध में शुक्रवार को अस्थायी दुकानों के लिए जगह का आवंटन किया गया। इस दौरान पंचायत ने अस्थायी दुकानों की खुली बोली लगाई। जिसमें लगभग 42 दुकानों के लिए जमीन आवंटित की गई। अस्थायी दुकानों की नीलामी सेे पंचायत को लगभग 7 लाख रुपये की आय हुई है। सबसे ज्यादा बोली 2.50 लाख रुपये की लगाई गई। यह दुकानें तीन माह के लिए उक्त दुकानदारों के पास रहेंगी। ग्राम पंचायत चकमोह की प्रधान फूलां देवी ने बोलियां करवाने से पहले सभी बोली धारकों को पंचायत की शर्तें सुनाई।
जिनमें हर दुकानों में अग्निशमन यंत्र लगवाने, दुकानों के आगे अतिक्रमण न करने और हर अस्थायी दुकानदार को लोक निर्माण विभाग से सुरक्षा सर्टिफिकेट लेना सहित अन्य शर्तें सुनाई। दुकानों की बोलियां ग्राम पंचायत चकमोह के प्रधान, उपप्रधान व पंचायत सदस्यों के नेतृत्व में करवाई गई। पंचायत मेलों के दौरान सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आधा दर्जन कर्मचारियों की व्यवस्था भी करेगी। प्रधान फूलां देवी ने बताया कि पंचायत द्वारा अस्थायी दुकानों की नीलामी करवाई गई। जिसमें 42 दुकानों की बोली हुई है। पंचायत को बोलियों से 7 लाख रुपये की आय हुई है।