बिझड़ी(हमीरपुर)।
क्षेत्र की खड्डों में माफिया जमकर अवैध खनन कर रहा है। वह बेखौफ दरकोटी के समीप सिरहाली खड्ड से रेत, बजरी, पत्थर निकाल कर खूब चांदी कूट रहा है। खनन माफिया कायदे कानूनो को ठेंगा दिखाते रात-दिन अवैध खनन कर रहे हैं। जिस कारण खड्ड के समीप लगी पेयजल योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। अवैध खनन भारी मात्रा में होने से जल स्तर काफी घट गया है।
अगर अवैध खनन पर काबू नहीं किया गया तो क्षेत्र में पेयजल किल्लत हो जाएगी। लोगों का कहना है कि अधिकारियों की सांठगांठ के चलते ही अवैध खननकारियों के हौसले बुलंद हैं। दरकोटी से नैनरपड़ की ओर जाने वाले संपर्क सड़क मार्ग पर इन अवैध खननकारियों ने खड्ड को वाहन ले जाने के लिए अवैध रास्ते भी बनाए हुए हैं।
विज्ञापन
खनन के कारण खड्डों साथ लगती उपजाऊ भूमि पर भी प्रभाव पड़ रहा है। सुबह-सवेरे ही इन खननकारियों के ट्रैक्टर खड्डों की ओर चल पड़ते हैं। जिस कारण इनकी आवाजों से क्षेत्रीय लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। अवैध रूप से निर्माण सामग्री ले जाकर यह खनन माफिया उसे बाजार से कम दामों पर बेच कर खूब चांदी कूट रहे हैं।
लोगों ने इन खननकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संदर्भ में डीएसपी बड़सर धर्म चंद का कहना है कि अवैध खनन करने वालों पर पुलिस पैनी नजर रखे हुए है। जो अवैध खनन क्षेत्र में करता हुआ पाया जाता है उनके चालान किए जाते हैं।