बड़सर(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत टिप्पर में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन शिलान्यास के पांच वर्ष बाद भी नहीं बन पाया है। लोक निर्माण विभाग के पास भवन निर्माण के लिए 15 लाख का बजट जमा है, लेकिन कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में रोष है। छह माह पहले भवन की चारदीवारी को खड़ा कर दिया गया, लेकिन इसके बाद से निर्माण कार्य रोक दिया गया है। मौजूदा समय में स्वास्थ्य उपकेंद्र पंचायत के एक कमरे में चल रहा है। भवन निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया है। पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने 4 सितंबर 2012 को स्वास्थ्य उपकेंद्र टिप्पर के भवन का शिलान्यास किया था। इसके लिए 15 लाख के बजट का प्रावधान किया गया।
लोक निर्माण विभाग ने भवन निर्माण के लिए केवल टेंडर लगाने तक सीमित रहा। छह माह पहले भवन निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन चारदीवारी के बाद कार्य को रोक दिया गया है। क्षेत्र के लोगों में कैप्टन अजीत, रविंद्र कुमार, राम रथ, बलजीत, संध्या देवी, धर्मी देवी, कमलेश, मीरा देवी, ब्रह्म दास, सुनील कुमार का कहना है कि भूमि तथा बजट उपलब्ध होने के बावजूद भवन निर्माण कार्य में विलंब किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र के भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संतोष कटोच का कहना है कि भवन निर्माण कार्य में चारदीवारी तक कार्य हो चुका है तथा शेष कार्य जल्द करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले टेंडर लगाने में देरी से कार्य में विलंब हुआ है।
भाजपा सरकार बनने पर होगा काम : बलदेव
भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा का कहना है कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद स्वास्थ्य उपकेंद्र का कार्य जान बूझकर रोका है। उन्होंने निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।
टेंडर लगाने में हुई देरी : लखनपाल
सीपीएस एवं विधायक इंद्रदत्त लखनपाल का कहना है कि टेंडर लगाने में देरी के चलते निर्माण कार्य जल्दी नहीं हो पाया है। पीडब्ल्यूडी द्वारा भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार बनने पर शेष कार्य पूरा करवा दिया जाएगा।