ब्यास पुल सुजानपुर के पास सड़क पर हादसों का खतरा
एक किमी. सड़क पर पड़े गड्ढों में वाहन चालकों को हो रही परेशानी
टेंडर आवंटित होने के बावजूद शुरू नहीं हुआ मरम्मत कार्य
लोगों ने विभाग से सड़क की मरम्मत करवाने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर (हमीरपुर)। ब्यास पुल के पास सुजानपुर-पालमपुर मुख्य सड़क पर पड़े गड्ढों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। सड़क किनारे पैदल आवाजाही में भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई दोपहिया वाहन इस सड़क पर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
सुजानपुर पालमपुर मुख्य सड़क ब्यास पुल के पास से करीब 1 किलोमीटर तक पूरी तरह उखड़ गई है। वाहन चालक वाहन चलाते समय गड्ढों में पड़कर अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। इस 1 किलोमीटर हिस्से का कार्य राष्ट्रीय होली मेले के दौरान ही हो जाना था। यह कार्य क्यों नहीं किया गया, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। विभाग ने ब्यास पुल तक टारिंग करने का कार्य ठेकेदार को दे दिया था। होली मेले के बाद यह कार्य शुरू नहीं हो पाया। जिसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों की मानें तो चुनावी बेला पर जब कोई उम्मीदवार वोट लेने आएगा तो उससे पहले इस मुख्य मार्ग की खस्ता स्थिति के बारे में बात करके ही वोट देने का वायदा किया जाएगा। उधर, समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता परविंद्र कुमार ने बताया कि इस सड़क के एक हिस्से का कार्य 1 सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही सुजानपुर भलेठ पुल के पास भी करीब 1 किलोमीटर सड़क पर टारिंग की जाएगी। दोनों ही कार्य संबंधित ठेकेदार को दिए गए हैं।