हमीरपुर। राज्य शतरंज संघ की बैठक मंगलवार को हमीरपुर में हुई। इसमें 2019-20 वार्षिक राज्य शतरंज प्रतियोगिताओं के साथ कोचिंग कैंप का कैलेंडर जारी किया गया। बैठक में 11 जिलों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान संघ के चुनाव भी हुए। इसमें अनीता, बिंदिया शर्मा, गौरी महंत, नीतू, शैलजा कश्यप को उपाध्यक्ष, विदुषी शर्मा को सचिव, अंजना देवी, मनु कुमारी, भारती सिंह राणा, सुमन देवी, सुमित्रा देवी को सह सचिव, सुनीता परमार को कोषाध्यक्ष चुना गया।
अध्यक्ष पद पर कोई भी नामांकन नहीं हुआ। अध्यक्ष पद को आगामी आम बैठक तक टाल दिया है। जोकि 14 जून को आयोजित की जाएगी। तब तक अजय वर्मा ही अध्यक्ष होंगे। इस मौके पर विदुषी शर्मा ने कहा कि शक होने पर अब खिलाड़ियों को डोप टेस्ट देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के समय मादक द्रव्यों का सेवन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। यदि कोई खिलाड़ी ऐसा करता पाया गया तो उस पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। विदुषी ने कहा कि कुल्लू और शिमला में जिला शतरंज संघ के चुनाव एक माह में करवाए जाएंगे। सभी कमेटियों को भंग कर दिया गया है। विदुषी ने कहा कि जल्द ही राज्य शतरंज संघ नया कार्यालय घुमारवीं में खोलेगा।