हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आईएएस अधिकारी जफर इकबाल ने छात्रों को आईएएस परीक्षा की तैयारी से संबंधित टिप्स दिए। महाविद्यालय के आईक्यूएसी (इंटरनल क्वालिटी इंश्योरेंस सेल) और कॅरिअर गाइडेंस सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में इकबाल ने बताया कि 2017 बैच के कुछ आईएएस अधिकारियों की ओर से इन परीक्षाओं के लिए छात्रों को तैयार करने के उद्देश्य से प्रोत्साहन नामक योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने छात्रों को आईएएस परीक्षाओं की अधिसूचना जारी होने से लेकर प्री, मेन्स और पर्सनेलिटी टेस्ट की विस्तृत जानकारी मुहैया करवाई। उन्होंने कहा कि कई बार असफल होने पर भी इस परीक्षा के लिए कड़ा परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उनका प्रयास रहेगा कि इस परीक्षा के लिए तैयारी करने वाले छात्रों को हमीरपुर महाविद्यालय में फ्री कोचिंग की व्यवस्था करवाई जाए। साथ आए परिवीक्षा एचएएस अधिकारी पारस अग्रवाल ने भी छात्रों को हिप्र प्रशासनिक सेवा की परीक्षा की तैयारियों के बारे में अवगत करवाया। बाद में इकबाल और अग्रवाल ने छात्रों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों के उत्तर भी दिए। इससे पूर्व प्राचार्य डॉ. हरदेव सिंह जंवाल ने दोनों अधिकारियों का स्वागत करते हुए उनकी इस पहल के लिए आभार जताया।