हमीरपुर। निजी बस संचालकों की हड़ताल शुरू होने से जिले में 370 निजी बसों के करीब चार सौ रूट प्रभावित हुए हैं। मांगों को लेकर निजी बस संचालक रविवार रात 12 बजे से ही हड़ताल पर चले गए हैं। निजी बस संचालकों के हड़ताल पर जाने के कारण जिले के 400 रूटों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। निजी बस संचालक यूनियन जिला हमीरपुर के प्रधान नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि तीन दिन तक तो शांतिपूर्वक हड़ताल करेंगे लेकिन, चौथे दिन सरकार ने निजी बस आपरेटर्स की मांगेें नहीं मानी तो चक्का जाम किया जाएगा और निगम की बसों को भी रूट पर भी नहीं जाने दिया जाएगा।
वहीं, निजी बस संचालकों की हड़ताल के चलते निगम प्रबंधन में छुट्टी पर गए चालकों और परिचालकों को भी वापस ड्यूटी पर बुला लिया है। इसके साथ ही निगम प्रबंधन यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्य रूटों पर दो-दो अतिरिक्त बसें भेजेगा। जो एक समय सवारियों को हमीरपुर लाने और दूसरी हमीरपुर से रूट तक पहुंचाने का काम करेगी। इसके लिए समय निर्धारित नहीं होगा। बसें एक दिन में निरंतर तीन से चार बार रूटों पर अप डाउन करेंगी। निजी बस आपरेटरों ने अपनी मांगों को पूरा करने की सरकार से आग्रह किया है। इस संबंध में आरएम हमीरपुर अनूप राणा ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए अधिक व्यस्तता वाले रूटों पर दो-दो निगम की अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि छुट्टी पर गए निगम के कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर बुला लिया गया है।