रंगस (हमीरपुर)।
उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत घलूं के अंतर्गत पड़ते गांव साईं में रविवार को आईपीएच की टीम ने औचक निरीक्षण कर पानी का दुरुपयोग करने पर 9 टूल्लू पंप और 18 पेयजल पाइपें जब्त की हैं। गांव में चल रही पानी की समस्या के समाधान के लिए पानी का दुरुपयोग करने वाले लोगों पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। लोगों ने टूल्लू पंप पानी के टैंकों में लगाए थे।
जेई कुलदीप ने कहा कि लोगों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सुबह, शाम-रात को लोग पाइपों में सिंचाई कर रहे हैं। कुलदीप ने कहा कि यह टुल्लू पंप टैंक में लगे हुए मिले हैं। लोग टुल्लू पंप लगाकर टंकियों और टैंकों को भर रहे हैं। जबकि कई लोगों के घर तक टुल्लू पंप के प्रेशर के कारण पानी ही नहीं पहुंच पा रहा है। विभाग के औचक निरीक्षण से लोगों में हड़कंप मच गया। इस संबंध में आईपीएच विभाग नादौन के एसडीओ राजेश शीमान ने कहा कि लोगों तक पानी पहुंचाना विभाग के हर अधिकारी का कार्य हैं। उन्होंने कहा कि पानी का दुरुपयोग करने वाले लोगों को नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह पानी को व्यर्थ न गवाएं।