नगर परिषद हमीरपुर ने जिला मुख्यालय में अवैध निर्माण पर शिकंजा कस दिया है। नप की जमीन पर बनाए गए मकान की एक दीवार और तीन छज्जों को नगर परिषद ने सोमवार को तोड़ दिया है। नप के कर्मचारियों ने बीडीओ कार्यालय के पास स्थित एक निजी मकान में यह कार्रवाई की। इस मकान का एक हिस्सा नप की जमीन पर बनाया गया था। इसमें मकान की एक दीवार और तीन छज्जे शामिल थे।
कर्मचारियों ने नप की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकान की उस दीवार और तीन छज्जों को तोड़ दिया है।
कुछ वर्ष पूर्व जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर सात के एक निवासी ने नप की जमीन के ऊपर अतिक्रमण कर मकान के एक हिस्से का निर्माण कर दिया था। इस पर नप ने उक्त व्यक्ति को अवैध कब्जे को हटाने के लिए नोटिस भी भेजा था, लेकिन व्यक्ति ने अवैध निर्माण को नहीं हटाया। इस पर न्यायालय के दिए गए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश पर नप ने संज्ञान लेते हुए एक सप्ताह पहले उक्त भूमि का निरीक्षण किया।
इस दौरान व्यक्ति द्वारा किए गए निर्माण में से एक दीवार और तीन छज्जों को नप ने सरकारी भूमि में पाया। इस पर कार्रवाई करते हुए नप के जेई अश्वनी कुमार, वर्क सुपरवाइजर और सेंटर इंचार्ज सतपाल की अगुवाई में एक टीम ने दीवार और तीन छज्जों को तोड़ दिया। इस संबंध में ईओ नगर परिषद हमीरपुर विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि नप ने अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए जिला मुख्यालय में एक भवन की दीवार और तीन छज्जों को तोड़ा है।