सड़क की मरम्मत न हुई तो
पीडब्ल्यूडी का करेंगे घेराव
व्यापार मंडल बिझड़, दुकानदारों और लोगों ने बैठक में लिया फैसला
कहा, बाजार मार्ग के लिए पेवर टाइलें स्वीकृत पर नहीं लगा रहा विभाग
.....
अमर उजाला ब्यूरो
बिझड़ी (हमीरपुर)।
उपमंडल बड़सर के बिझड़ी बाजार में सोमवार को व्यापार मंडल बिझड़, स्थानीय दुकानदारों और लोगों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल प्रधान रणजीत ने की। निर्णय लिया कि बिझड़ी बाजार सड़क की खराब हालत को लेकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसमें व्यापार मंडल प्रधान रणजीत, ईश्वर दास, ओंकार सिंह, अवतार सिंह, सुरेंद्र कुमार, अश्वनी कुमार, लक्की, मुकेश सहित अन्य लोगों ने कहा कि बिझड़ी बाजार में सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग पर गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं। विभाग हर बार इन गड्ढों को या तो मिट्टी से भर रहा है या फिर नाममात्र पैचवर्क कर औपचारिकताएं निभा रहा है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बड़सर की सड़कों पर पेवर टाइल लगाने के लिए पौने दस करोड़ की राशि स्वीकृत है लेकिन विभाग पेवर टाइलें नहीं बिछा रहा है। लोगों ने विभाग से पेवर टाइलें लगाने की मांग भी की। व्यापार मंडल प्रधान रणजीत ने कहा कि बिझड़ी बाजार में पेवर टाइलें लगाने की स्वीकृति प्रदान है। लेकिन विभाग बाजार में पेवर टाइल लगवाने के बजाय गड्ढों में मिट्टी या पेचवर्क कर रहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग बड़सर के सहायक अभियंता अरविंद लखनपाल ने कहा कि बिझड़ी बाजार में पेवर टाइल लगवाने का कार्य स्वीकृत है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बिझड़ी बाजार में पेवर टाइल लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।