पंचायतों में रुके पड़े मनरेगा कार्य जल्द शुरू होंगे। जिला की 229 पंचायतों को 14वें वित्त आयोग की पहली किस्त जारी हो गई है। किस्त जारी होने से पंचायतों में पिछले चार माह से रुके विकास कार्यों को गति मिलेगी।
जिला की 229 पंचायतों को 8.69 करोड़ रुपये की राशि जारी हो गई है। इस राशि से ग्राम सभाओं में शेल्फ में डाले कार्य पूरे हो सकेंगे। 14वें वित्त आयोग की राशि को खर्च करने के लिए पंचायतों में ग्राम सभाओं की बैठक में शेल्फ डाले जा चुके हैं।
इस राशि का उपयोग पंचायतों में इंटरनेट कनेक्शन, मनरेगा के रुके कार्यों, स्ट्रीट लाइटें लगाने, निकास नालियां, सफाई व्यवस्था, डाटा एंट्री, मृदा कटाव, ठोस एवं तरल पदार्थ निपटान पर खर्च की जा सकेगी। मनरेगा कार्य शुरू होने से लंबे समय से इंतजार कर रहे मजदूरों को रोजगार मिल सकेगा।
इन ब्लॉकों को जारी हुई राशि
14वें वित्तायोग के तहत विकास खंड नादौन को 2.24 करोड़, बिझड़ी को 1.88 करोड़, बमसन को 1.55 करोड़, भोरंज को 1.59 करोड़, सुजानपुर को 97.14 लाख, सुजानपुर को 67.49 लाख की राशि जारी हुई है।
जिला की 229 पंचायतों को 14वें वित्तायोग के तहत करीब 8.69 करोड़ रुपये की राशि जारी हुई है। यह राशि मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों पर खर्च होगी।
- मनोज कुमार, जिला पंचायत अधिकारी, हमीरपुर