रंगस (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नौहंगी के तहत गांव टीका महाल वडबाल में 75 वर्षीय व्यक्ति की वीरवार शाम को पेड़ से गिरने पर मौत हो गई है। मृतक की पहचान शक्ति चंद पुत्र फलातू राम के रूप में हुई है। बुजुर्ग गत दिवस अपने खेतों मेें लकड़ियां काटने गया हुआ था। इस दौरान पेड़ से टहनी काटते समय दराट से उसकी टांग में भी चोट लग गई। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर गया।
शक्ति चंद के पुत्र महेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता अकेले ही खेत के तरफ लकड़ियां काटने गये थे और अचानक टांग पर चोट लगने के कारण वह पेड़ से गिर गए। ग्रामीणों की ओर से सूचना देने पर जैसे ही वह घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था। शुक्रवार को उनका विधिवत तरीके से कुणाह खड्ड में दाह संस्कार कर किया गया।
नायब तहसीलदार कांगू बलवंत सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से हलका पटवारी और कानूनगो के माध्यम से पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। इस बारे मेंं पुलिस थाना नादौन के प्रभारी योगराज चंदेल ने कहा कि थाना नादौन में इस प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ है।