हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में दस माह बाद सोमवार को विद्यार्थी कॉलेज में शिक्षकों और सहपाठियों के साथ रूबरू हुए। इससे पहले कॉलेज के मुख्य गेट पर सभी विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई और हाथ सैनिटाइज करवाए गए।
सभी कक्षाओं में एक बैंच पर एक छात्र को बिठाया गया और नियमों का पूरी तरह पालन किया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल ने कहा कि महाविद्यालय में सभी संकायों की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार-मंगलवार को कला संकाय तृत्तीय वर्ष, बुधवार-वीरवार को द्वितीय वर्ष और शुक्रवार-शनिवार को प्रथम वर्ष की कक्षाएं लगेंगी।
कॉलेज में सोमवार को 75 फीसदी विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे। विज्ञान संकाय की कक्षाएं प्रतिदिन 50 फीसदी विद्यार्थी संख्या के साथ ली जाएंगी। वाणिज्य संकाय, स्नातकोत्तर विषयों और व्यवसायिक विषयों की कक्षाएं 100 फीसदी विद्यार्थी उपस्थिति के साथ प्रतिदिन लगेंगी। महाविद्यालय में इस समय वाणिज्य में 444, बीएससी में 981, कला संकाय में 1589, एमएससी जूलॉजी में 42, बीसीए में 118, बीबीए में 171, पीजीडीसीए में 27, एमएससी बॉटनी में 52, एमए अर्थशास्त्र में 51, एमए हिंदी में 55, एम कॉम में 55, एमएससी गणित में 80, एमए अंग्रेजी में 45, बीएससी फिजिकल क्लब में 191, बीवॉक रीटेक व मैनेजमेंट 9, बीवॉक हॉस्पीटेलिटी एडं टूरिजम में 106 व अन्य विषयों को जोड़कर कुल 4 हजार 709 के करीब छात्र शिक्षा ले रहे हैं। वहीं दस माह बाद कॉलेज पहुंचे छात्र भी काफी उत्साहित व खुश नजर आए।
प्रथम वर्ष के छात्र पहली बार कॉलेज पहुंचने के बाद काफी खुश नजर आए। कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. अंजु बत्ता सहगल ने कहा कि पहले दिन कालेज में 75 फीसदी विद्यार्थी पहुंचे हैं।
क्या कहते हैं छात्र-
कॉलेज में पढ़ाना ज्यादा प्रभावी : कुणारक
बीए प्रथम वर्ष के कुणारक रत्न ने कहा कि पहली बार कॉलेज पहुंचने के बाद अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि जब से कोरोना काल शुरू हुआ है तब से घर पर ही थे। ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है। कॉलेज में अध्यापकों के सामने पढ़ने में ज्यादा अच्छा रहता है।
कॉलेज खुलने से परीक्षा की तैयारी होगी पूरी : रितिक
बीए तृतीय वर्ष के छात्र रितिक परमार ने कहा कि कॉलेज न आने के कारण पूरी दिनचर्या प्रभावित थी। उन्होंने कहा कि कॉलेज खुलने से परीक्षा के लिए अच्छे से तैयारी हो जाएगी। कॉलेज में किसी भी विषय में आशंकाएं दूर करने का समय भी मिलेगा।
विद्यार्थी स्वयं करें नियमों का पालन : अनुज
बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र अनुज पटियाल ने कहा कि कॉलेज आने पर गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग की गई और हैंड सैनिटाइज किए गए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करना चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कॉलेज में सभी नियमों का किया पालन: साक्षी
बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा साक्षी ने कहा कि उनका कॉलेज में पहला दिन है। कॉलेज में नियमों का पूरा पालन किया जा रहा है। समय-समय पर अध्यापक कक्षाओं में आकर निरीक्षण कर रहे हैं ताकि नियमों का उल्लंघन न हो सके।
लंबे समय बाद दोस्तों से मुलाकात : शिवानी
बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा शिवानी ने कहा कि लंबे समय बाद कॉलेज में दोस्तों से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में घर पर ऑनलाइन पढ़ाई तो करवाई गई है लेकिन कक्षाओं में अध्यापकों से पढ़ने में और ऑनलाइन पढ़ने में काफी अंतर होता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई से टेक्नोलॉजी के बारे में भी अच्छा ज्ञान हुआ।
कॉलेज बंद होने से पढ़ाई हुई प्रभावित : महिमा
एमए अर्थशास्त्र द्वितीय वर्ष की छात्रा महिमा ठाकुर ने कहा कि कॉलेज बंद होने के कारण पढ़ाई काफी प्रभावित हुई। हालांकि ऑनलाइन पढ़ाई करवाई जाती है। लेकिन कक्षाओं में अध्यापकों से पढ़ने में ही संतुष्टि मिलती है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में सभी नियमों का पालन किया जा रहा है।
नादौन और सुजानपुर महाविद्यालय में सोमवार को प्रथम वर्ष के छात्रों को बुलाया गया था। इसमें नादौन महाविद्यालय में प्रथम वर्ष के 60 फीसदी विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे। महाविद्यालय में 2,300 छात्र शिक्षा ले रहे हैं। सुजानपुर कॉलेज में कुल 500 में से 200 विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे।