हमीरपुर। जिला मुख्यालय के तहत उपायुक्त कार्यालय के पीछे स्थापित बिजली बोर्ड के ट्रांसफार्मर में रविवार को अचानक आग लग गई। ट्रांसफार्मर में आग लगते देख आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली बोर्ड और दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। बता दें कि इस ट्रांसफार्मर को मरम्मत के चलते सुबह 11 बजे से लेकर 2 बजे तक बंद किया गया था।
इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। हालांकि, आग लगने से कोई नुकसान नहीं हुआ है। जिला अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सूचना के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग ट्रांसफार्मर के बाहरी हिस्से में लगी थी। जिस कारण ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। उधर, बिजली उपमंडल-2 के कनिष्ठ अभियंता प्रशांत ने कहा कि आग लगने से कोई नुकसान नहीं हुआ हैं। उन्होंने कहा कि इस ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के चलते बिजली को बंद किया गया था।