बिझड़ी (हमीरपुर)। चैत्र माह मेलों के ज्येष्ठ रविवार को बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा में माथा टेका और बाबा का आशीर्वाद लिया। बाबा बालक नाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। लंबी कतारों में श्रद्धालुओं को कई घंटों तक दर्शनों के लिए खड़ा रहना पड़ा। चैत्र माह मेलों में प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और देश-विदेश से हर रोज हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आ रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर को 24 घंटे खुला रखा जा रहा है।
चैत्र माह मेले के पहले रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कई श्रद्धालु शाहतलाई से दियोटसिद्ध तक दंडवत होकर आ रहे हैं। उधर, मंदिर न्यास अधिकारी ओपी लखनपाल ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है। यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को न्यास प्रशासन की ओर से हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, शनिवार और रविवार दोपहर तक श्रद्धालुओं की ओर से 23 लाख 99 हजार 800 रुपये का चढ़ावा चढ़ाया गया है। जिसमें से 14 लाख 59 हजार 610 रुपये नकद और 9 लाख 40 हजार 190 रुपये पर्ची से दान स्वरूप प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त सोना 4 ग्राम, चांदी 89 ग्राम, यूरो 135, यूएसए डालर 2, कनाडा डालर 20, ऑस्ट्रेलिया डालर 10, यूएई करंसी 315, रियाल 231 सहित अन्य विदेशी मुद्रा बाबा पौणाहारी जी के चरणों में चढ़ाई गई है।