हमीरपुर। जिले में मौसम ने सोमवार दोपहर बाद अचानक करवट बदल ली। दोपहर तक धूप खिलने के बाद बारिश और ओलावृष्टि होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई है। नादौन उपमंडल के तहत रंगस कस्बा व अन्य गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई। बताया जा रहा है कि ओलों का आकार इतना बड़ा था कि अगर सिर पर गिरते तो घायल भी हो सकते थे।
बारिश होने से कई जगह लोग अलाव और हीटर सेंकते नजर आए। वहीं गेहूं समेत अन्य नकदी फसलों के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद है। किसानों तिलक राज, प्रदीप, अखिल, अमर नाथ, सुभाष, काली दास आदि ने कहा कि बारिश से गेहूं की फसल को संजीवनी मिली है।