हमीरपुर। जिला हमीरपुर में आर्म्स एम्युनिशन लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया ठप पड़ गई है। बीते दो माह से जिले के लाइसेंस धारक डीलरों के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हो पाया है। जिसके चलते जिले में गोला बारूद बेचने वाले डीलरों को बाहरी राज्यों से आने वाले सप्लाई बंद है। इसके चलते डीलरों का कारोबार चौपट होता दिख रहा है।
इससे पहले गृह विभाग ने 31 दिसंबर तक सभी डीलर लाइसेंस के नवीनीकरण का समय निर्धारित किया था। डीलरों ने कई महीने पूर्व लाइसेंस नवीनीकरण को लेकर फाइलें जमा करवाई हैं। पब्लिक सर्विस गारंटी एक्ट में एक हफ्ते के भीतर लाइसेंस नवीनीकरण का प्रावधान भी है। लेकिन, सॉफ्टवेयर में बदलाव की वजह से लाइसेंस रिन्युअल का कार्य लटक गया है। जिला हमीरपुर से सशस्त्र शाखा के कर्मचारियों ने शिमला एनआईसी में भी संपर्क किया है लेकिन, अभी तक समस्या का हल नहीं हो पाया। जिले में साढ़े चार हजार के करीब बंदूक लाइसेंस धारक हैं। इन सभी बंदूक धारकों को अधिकृत आर्म्ड एम्युनिशन से ही गोला बारूद मिलता है। लेकिन, डीलरों के लाइसेंस की प्रक्रिया ठप रहने से अब इन बंदूक लाइसेंस धारकों को कई तरह की दिक्कतें पेश आ रही हैं। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर रतन गौतम ने बताया कि सॉफ्टवेयर में बदलाव के चलते लाइसेंस रिन्यू करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इस संदर्भ में शिमला बात हो चुकी है, शीघ्र समस्या का समाधान किया जाएगा।