हमीरपुर। कृषि विभाग हमीरपुर के पास करेला, खीरा, टमाटर और घिये के बीजों की खेप पहुंच गई है। जिलाभर के किसान बीज लेने के लिए अपने नजदीकी कृषि विक्रय केंद्रों में संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर यह बीज प्रदान करेगा। किसान जल्द बीज लेकर समय पर इन बीजों की बिजाई करें। हाईब्रीड सब्जियों के बीजों की खेप हमीरपुर पहुंच गई है।
विभाग ने जिले के सभी ब्लॉकों के कृषि विक्रय केंद्रों में डिमांड के मुताबिक इन बीजों की सप्लाई भेज दी है। विभाग के पास घिये का 2.160 किलोग्राम, करेले का एक किलोग्राम, खीरे का 7.250 किलोग्राम बीज पहुंचा हैं। वहीं भिंडी, फ्रासबीन आदि बीजों की सप्लाई विभाग के पास कुछ दिनों में पहुंच जाएगी। विभाग के पास इन बीजों की सप्लाई पहुंचने से जल्द इन्हें कृषि विक्रय केंद्रों में भेजा जाएगा। विभाग की ओर से किसानों को बेहतर क्वालिटी के बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। किसान इन बीजों की बिजाई कर अच्छे पैसे कमा सकते हैं। इस संबंध में कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक युद्धवीर सिंह पठानिया ने कहा कि हाईब्रीड बीजों की सप्लाई कृषि विक्रय केंद्रों में भेज दी गई हैं। बीज लेने के लिए कृषि विक्रय केंद्र में संपर्क करें।