जाहू (हमीरपुर)। कॅरिअर प्वाइंट विश्वविद्यालय में तकनीकी और सांस्कृतिक उत्सव का समापन मंगलवार को हो गया। समापन विश्वविद्यालय के कुलपति डा. केएस वर्मा ने किया। उन्होंने छात्रों को तकनीकी स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। इस उत्सव में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक, मनोरंजक एवं तकनीकी कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। तकनीकी कार्यक्रमों में विभिन्न प्रकार के मॉडल, पावर प्वाइंट प्रोजेक्ट आदि पेश किए गए, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने गिद्दा, नाटी और भंगड़ा आदि प्रस्तुतियां दीं।
इसके अतिरिक्त छात्रों के मनोरंजन के लिए मोबाइल गेम्स, रंगोली, नींबू चम्मच दौड़, गुब्बारा रेस आदि प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में पंजाबी गायक शिवजोत व संदीप बराड़ ने अपने गीतों के माध्यम से खूब रंग जमाया। इस संध्या का यह मुख्य आकर्षण था। इस दौरान ..तिन चार गब्बरू हलाक कीते ना, फायदा की प्लाजो पाके निकली दा, सेम टाइम सेम जगह अगले ही दिन फिर मरजाणी आके छत ते चढ़ी आदि गाने प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। इस मौके पर अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।