बड़सर (हमीरपुर)। सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र में 17 करोड़ 26 लाख के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इसमें पाहलू पंचायत के तहत बैरी में एक करोड़ 50 लाख की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया। जबकि, बड़सर से घोड़ी-धवीड़ी वाया गारली बिझड़ महारल सड़क के कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस 25 किलोमीटर सड़क के उन्नयन कार्य पर 15.77 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी।
सड़क पर 17 पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि बड़सर क्षेत्र में सांसद निधि से पाहलू पंचायत में विकास कार्यों में सबसे अधिक राशि स्वीकृत की गई है। सोलर लाइटों, पुली निर्माण और सामुदायिक भवन बैरी के निर्माण के लिए उन्होंने 2 लाख भी स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही शुक्र खड्ड से बधाण गांव तक सड़क के निर्माण के लिए भी पीडब्लूडी विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए कि वह इस सड़क के उन्नयन कार्य को दिवाली से पहले पूरा करें। 100 से ज्यादा पीएमजीएसवाई के तहत सड़कें स्वीकृत की हैं। बाईपास हमीरपुर में 35 करोड़ की लागत से पुल निर्मित किया गया है। 300 करोड़ में हमीरपुर से घुमारवीं तक सड़क को चौड़ा करने का कार्य चल रहा है। 25 नये नेशनल हाईवे संसदीय क्षेत्र को स्वीकृत करवाए गए हैं। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, दीपक शर्मा तथा स्थानीय पंचायत प्रधान पाहलू सुषमा नरोता मौजूद रहे।
बाक्स:
458 महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन वितरित किए
अनुराग ठाकुर ने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत बड़सर विधानसभा क्षेत्र की 47 पंचायतों की 458 महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन भी वितरित किए। इस योजना के तहत अब तक 915 महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं। इस अवसर पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शिव राम राही, जिला परिषद सदस्य राजेश सहगल, महासचिव चतर सिंह कौशल, क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम पंकज शर्मा, एसडीएम विशाल शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष कमला देवी, पूर्व मंडलाध्यक्ष प्रकाश चंद, अधिशाषी अभिंयता प्रमोद कश्यप के अतिरिक्त अन्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।