बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में चारदीवारी लगाने के कार्य का क्षेत्र के लोगों ने विरोध जताया है। कार्य शुरू होने से पहले ही लोग इसके विरोध में उतर गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलेज परिसर के साथ उनकी जमीन लगती है। जहां जाने के लिए पुराने रास्ते कॉलेज परिसर के साथ होकर जाते हैं। चारदीवारी लगने से कई साल पुराने रास्ते बंद हो जाएंगे। लोगों की मांग है कि अगर कॉलेज परिसर में चारदीवारी लगानी है तो उनकी जमीन के लिए रास्तों का प्रावधान भी किया जाए।
बरौली गांव के लोगों ने बड़सर कॉलेज के निर्माण के लिए 62 कनाल जमीन दान दी है। कॉलेज में चारदीवारी के लिए चार लाख की राशि स्वीकृत हुई है। इसके लिए विभाग ने टेंडर लगाकर कार्य ठेकेदार को सौंप दिया है। लोगों ने कॉलेज प्रधानाचार्य से भी समस्या के समाधान की मांग की है। गांव के लोगों अनिता देवी, रीता देवी, प्रकाश चंद, दीपेश कुमार, हरनाम सिंह, प्रकाश बेनीवाल, मुकेश कुमार, सोमदत्त सहित दर्जनों लोगों की मांग है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाए। एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा का कहना है कि लोगों की मांग पर गोर किया जाएगा। इसका समाधान करवाया जाएगा। इस बारे में प्रधानाचार्य मीना सूद का कहना है कि गांव के लोगों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला है। उन्होंने मांग की है की चारदीवारी के साथ उन्हें रास्ते बहाल किए जाएं। जिस पर विचार विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा।