भोरंज (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत भोरंज में ग्रामसभा का आयोजन प्रधान गरीब दास की अध्यक्षता में हुआ। इसमें प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि दुकानों के आगे या किसी की जमीन पर गंदगी पाई जाती है तो उस संबंधित मालिक को ही जुर्माना किया जाएगा। जुर्माना राशि 500 रुपये निर्धारित की गई ताकि, दुकानों के सामने, खेतों इत्यादि में कूड़ा न फेंका जाए। प्रधान ने कहा कि ग्राम सभा का आयोजन सफलता पूर्वक हुआ और इस दौरान ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।
उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए अगर कठोर नियम भी बनाने पड़ेंगे तो बनाए जाएंगे। भोरंज पंचायत क्षेत्र में दुकानों के बाहर और लोगों के खेतों में कचरे के ढेर लगे रहते हैं। इससे पंचायत की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है। पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने एक अनोखी शुरुआत की है। जिसकी क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। इससे संबंधित मालिक अब दुकानों या जमीन में कूड़ा नहीं फेंकेगा या कूड़ा जमा नहीं होने देगा। पंचायत प्रधान गरीब दास ने कहा कि पंचायत ने ग्राम सभा में निर्णय लिया है कि जिस भी दुकान के आगे या जमीन पर कूड़ा होगा, उससे संबंधित मालिक को 500 रुपये जुर्माना किया जाएगा ताकि, पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और लोग कूड़े का उचित निपटान कर सकें।