हमीरपुर। जिला हमीरपुर में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 175 युवाओं और युवतियों को रोजगार मिलेगा। जिले में उद्योग विभाग की ओर से 34 उद्योगों को खोलने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। उद्योग लगने से बेरोजगार युवा वर्ग को रोजगार मिलेगा। विभाग की ओर से इन उद्योगों को खोलने के लिए लगभग 1.50 करोड़ रुपये सब्सिडी प्रदान की जाएगी। प्रदेश की मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना बेरोजगार युवा वर्ग के लिए वरदान साबित हो रही है।
इस योजना के तहत 18 से 35 वर्ष तक के युवा और युवतियां उद्योग लगाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उद्योग लगाने के लिए विभाग की ओर से 25 से 30 फीसदी सब्सिडी प्रदान की जा रही है। जिले में पिछले दो माह में विभाग के पास 34 आवेदन आए थे। इन्हें विभाग की जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उद्योग लगाने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। इन 34 आवेदनों को स्वीकृति मिलने के बाद विभाग की ओर से आगामी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। युवा वर्ग मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इसके लिए विभाग की ओर से जागरूकता शिविर भी लगाए जा रहे हैं ताकि, बेरोजगार युवा वर्ग उद्योग लगाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें। इस संबंध में जिला उद्योग विभाग हमीरपुर के महाप्रबंधक विजय चौधरी का कहना है कि अभी तक उद्योग लगाने के लिए 34 आवेदन आए हैं। इन्हें बैठक में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इन 34 उद्योगों के खुलने से 175 युवाओं और युवतियों को रोजगार मिलेगा।