नादौन (हमीरपुर)। पंचायत समिति नादौन के अध्यक्ष पद पर कब्जा करने के लिए भाजपा की जोर-आजमाइश वीरवार को बेकार हो गई। चुनावी बैठक में दो तिहाई सदस्यों के नहीं पहुंचने से अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं हो पाया। कांग्रेस समर्थित निवर्तमान अध्यक्ष सुनील शर्मा बिट्टू को पद से हटाकर नये चेयरमैन के चुनाव को लेकर वीरवार को बुलाई गई बैठक कोरम पूरा न होने के चलते रद्द हो गई। बैठक में 26 में से केवल 15 सदस्य ही उपस्थित हुए। जबकि अविश्वास प्रस्ताव के बाद बुलाई गई इस बैठक में दो तिहाई सदस्यों का उपस्थित होना अनिवार्य था। प्रशासन की ओर से दोपहर दो बजे तय समय से शाम चार बजे तक इंतजार करने के बाद एसडीएम डीआर धीमान ने बैठक स्थगित करके आगामी बैठक 26 सितंबर को सुबह 11 बजे बुलाने के निर्देश दिए।
कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति सदस्यों ने बैठक में हाजिरी नहीं भरी। अब आगामी तिथि को यदि 26 में से 14 सदस्य भी उपस्थित होंगे तो भी चेयरमैन पद के लिए चुनाव संभव हो जाएगा। नादौन में गत 14 सितंबर को सदस्यों की ओर से अध्यक्ष के विरुद्ध पारित किए गए प्रस्ताव में कुल 26 में से 25 सदस्य उपस्थित हुए। जबकि, एक सदस्य अनुपस्थित रहा। जिनमें से 14 सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया लेकिन, कांग्रेस समर्थित सुनील शर्मा ने इस प्रक्रिया को लेकर उच्च न्यायालय में अपील कर दी थी। जिस कारण उच्च न्यायालय के आदेशानुसार इस प्रक्रिया के लिए 14 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई थी और उसके बाद चुनाव के लिए 20 सितंबर का दिन निर्धारित किया गया था।