हमीरपुर। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने अपनी सुविधाओं का त्याग करते हुए छात्र हित में बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने ग्राम पंचायत दडूही में प्रस्तावित विवि के प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन और विश्रामगृह के प्रपोजल में से विश्रामगृह को हटा दिया है। प्रो. बंसल ने कहा कि अपनी सुविधाओं से ज्यादा विद्यार्थियों की सुविधाएं जरूरी हैं। विवि में छात्रों को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी, तभी यह विवि विकास के पथ पर अग्रसर होगा।
अब विश्रामगृह पर खर्च होने वाले बजट से एक अतिरिक्त अकादमिक ब्लॉक का निर्माण होगा। इसके साथ ही कुलपति ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्यालय में बुलाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। प्रो. बंसल ने कहा कि इसी साल नवंबर-दिसंबर माह के बीच प्रशासनिक भवन और एक अकादमिक ब्लॉक का लोकार्पण करवाया जाएगा। जनवरी 2011 में हमीरपुर में स्थापित तकनीकी विवि का प्रशासनिक कार्य वर्तमान में पुराने एसडीएम कार्यालय भवन में चल रहा है। इसके साथ ही बीते 27 अगस्त से विवि के पांच कैंपस कोर्सिज भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के भवन में शुरू हो गए हैं। प्रशासनिक कार्यालय और कक्षाएं दोनों उधारी के भवन में चल रही हैं। जिससे विवि को कई तरह की दिक्कतें पेश आ रही हैं। दडूही में चल रहे विवि के निर्माण कार्य पर करीब 38 करोड़ की राशि खर्च हो रही है, जिसमें से 26 करोड़ रुपये केवल पांच मंजिला प्रशासनिक भवन पर खर्च हो रहे हैं। इस पांच मंजिला भवन की दो मंजिलों में अकादमिक ब्लॉक होगा। जबकि तीन मंजिला में विवि के कुलपति, रजिस्ट्रार, सहायक रजिस्ट्रार, डीन अकादमिक, डीन प्लानिंग और परीक्षा नियंत्रक समेत वित्त विभाग के कार्यालय चलेंगे।
उधर, प्रदेश तकनीकी विवि के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि दडूही में प्रस्तावित तकनीकी विवि के नक्शे से विश्रामगृह को हटा दिया गया है। विश्रामगृह पर खर्च होने वाली धनराशि अब अकादमिक ब्लॉक पर खर्च होगी। बच्चों को मूलभूत सुविधाएं अपनी सुविधाओं से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।
बाक्स:
कैंपस कोर्सिज का शुभारंभ 8 को
रावमापा बाल हमीरपुर में चलने वाले विवि के कैंपस कोर्सिज का शुभारंभ 8 सितंबर को तकनीकी शिक्षा मंत्री विक्रम ठाकुर करेंगे। इस मौके पर लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक नरेंद्र ठाकुर और तकनीकी शिक्षा विभाग शिमला से प्रधान सचिव और अन्य उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।